नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक… भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा

रायपुर । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत, हस्तशिल्प और विकास की नई संभावनाओं का शानदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और बदलती विकास यात्रा की आकर्षक झलक देखने को मिली।

राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

बदल रही है छत्तीसगढ़ की पहचान : मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब तेजी से बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की तस्वीर प्रदेश की बदलती परिस्थितियों, परंपरा और आधुनिकता के संगम तथा विकास की नई दिशा को दर्शाती है।

निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं : राज्यपाल

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संपन्न राज्य है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, महिला स्व-सहायता समूहों, स्थानीय शिल्पकारों और युवाओं के स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ भारत मंडपम

भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर, ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं, गौरा-गौरी नृत्य से लोक आस्था, भोजली नृत्य से कृषि संस्कृति और राउत नाचा से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकजीवन की झलक प्रस्तुत की गई।

वहीं सुआ नृत्य में महिलाओं की सांस्कृतिक परंपराओं, पंथी नृत्य में सतनामी समाज की आध्यात्मिक विरासत और करमा नृत्य में प्रकृति तथा सामूहिक उत्सव की भावना का सुंदर प्रदर्शन हुआ।

इन प्रस्तुतियों ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं और सांस्कृतिक पहचान को एक व्यापक मंच प्रदान किया।

छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिखी कला, शिल्प और पर्यटन की झलक

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं की जानकारी ली।

पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, चांपा का कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी जानकारी ली तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

3D वर्चुअल रियलिटी से दिखा चित्रकोट जलप्रपात

छत्तीसगढ़ पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना। इस तकनीक के माध्यम से लोगों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। इससे देश-विदेश के पर्यटक छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो सकेंगे।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर, औद्योगिक संभावनाओं और पर्यटन विकास का समन्वित प्रदर्शन देखने को मिला।

भारत मंडपम में आयोजित यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए अपनी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बना। लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों से लेकर आधुनिक तकनीक और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं तक, नए छत्तीसगढ़ की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसमें परंपरा, प्रगति और समृद्धि के नए आयाम दिखाई दिए।

नया छत्तीसगढ़ — संस्कृति का गौरव, विकास का संकल्प और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ते कदम।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *