नशामुक्त युवा से विकसित भारत तक, CM साय ने ‘मन की बात’ से दिए जनभागीदारी के संदेश

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना किसी स्वार्थ और प्रचार के समाज एवं राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है, तो कोई स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों और नवाचार के माध्यम से अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। प्रधानमंत्री ऐसे लोगों के असाधारण कार्यों को ‘मन की बात’ के माध्यम से पूरे देश के सामने लाते हैं। इससे सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। स्वस्थ, समर्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

‘हर घर तिरंगा’ में दिखा देश का राष्ट्रप्रेम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को नई गति दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला अपने परिवार के साथ-साथ समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

स्वच्छता को जन-जन का संकल्प बनाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और आदत बननी चाहिए। स्थायी बदलाव तभी संभव है जब लोग अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वयं आगे आएं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत की उपलब्धि पर गर्व

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। उनकी आकांक्षाओं की उड़ान अब अंतरिक्ष विज्ञान तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से विभिन्न देशों की छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशेष प्रयासों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिला है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नवाचार, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को प्रधानमंत्री द्वारा देश के सामने रखा जाना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। इससे राज्य के अच्छे कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ लोगों का उत्साह भी बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को एक सूत्र में जोड़ती है। कार्यक्रम स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए नागरिकों को प्रेरित करता है तथा विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करता है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री पुरंदर मिश्रा सहित संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *