बायपास पर चार पहिया वाहन ने स्कूली आटो को मारी टक्कर, दस बच्चे घायल

नेशनल हाइवे 146 के बायपास पर गुरुवार की सुबह एक चार पहिया वाहन ने स्कूली आटो को टक्कर मार दी, जिसमें दस बच्चें और आटो चालक घायल हो गया। उन्हें मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दस में आठ बच्चों को मामूली चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दो बच्चों को अधिक चोट आई है। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। 8 से 12 वर्ष उम्र के सभी बच्चे एकता कालोनी के रहने वाले है।

अस्पताल में भर्ती आटो चालक माधव कुशवाह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे वे एकता कालोनी से बच्चे लेकर साकेत एमजीएम स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान बायपास पर बालाजी आर्किड कालोनी के पास रोड क्रास करते समय पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने आटो को टक्कर मार दी। जिसके कारण आटो पलट गया और बच्चे घायल हो गए। उन्होंने पीछे से आ रहे एक खाली आटो में बच्चों को बिठाकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना देकर वे अस्पताल पहुंचे। माधव ने बताया कि आसपास के लोगों ने चार पहिया वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

इधर, अस्पताल के सीएमओ वैभव जैन ने बताया कि आठ बच्चों के हाथ-पैर पर मामूली चोट आई थी। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया है। कक्षा 5 के विद्यार्थी कृष्णा राजपूत और उसकी बहन अनुष्का को अधिक चोट आई है। उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद स्कूल का स्टाफ और बच्चों के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *