पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के मामले में नवाज अली के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से एक पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि नवाज अली हाल ही में जेल से बाहर आए थे। इसके कुछ समय बाद ही उनका शव गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक के परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *