रायपुर । भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में कोंडागांव जिले के ग्राम बम्हनी में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया और ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कोंडागांव कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल में इंसिडेंट कमांडर एवं अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, पर्यवेक्षक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा, सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के डिप्टी कमांडर श्री मुकेश, नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा सहित प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान ग्राम बम्हनी के जवाई मुंडा तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया गया। काल्पनिक आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालकर तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी पहुंचाया गया। इस अभ्यास के माध्यम से आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय और राहत-बचाव की क्षमता का आकलन किया गया।
अभियान में पुलिस विभाग, जिला सेनानी, स्वास्थ्य विभाग, जिला आपदा मोचन प्रबंधन बल और रेड क्रॉस सोसाइटी सहित विभिन्न एजेंसियों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य, चिकित्सा सहायता और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय के बच्चों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण भी दिया। बच्चों और ग्रामीणों को आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता और सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रशासनिक एवं बचाव दल की तैयारियों को मजबूत करना, संभावित कमियों की पहचान करना और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, ग्राम सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मॉक ड्रिल का अवलोकन किया।