कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा विवाद सामने आया है। डायमंड हार्बर से जुड़े भाजपा नेता अभिजीत विश्वास उर्फ बॉबी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी समेत 23 लोगों के खिलाफ कथित अवैध मिट्टी खनन और बिक्री को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है।
शिकायत कालीतला-आशुलिया थाना में दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि करीब 163 बीघा जमीन से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर उसे बेचा गया, जिससे सरकारी खजाने को लगभग 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
शिकायतकर्ता का दावा है कि यह काम एक संगठित गिरोह के रूप में वर्षों से चल रहा था और इसके समर्थन में पुलिस को सैटेलाइट तस्वीरें भी सौंपी गई हैं, जिनमें जमीन को हुए कथित नुकसान को दर्शाया गया है।
एफआईआर में अभिषेक बनर्जी के अलावा उनके सहयोगियों सुमित राय, विष्णुपुर के जेल में बंद तृणमूल विधायक दिलीप मंडल सहित कुल 23 लोगों के नाम शामिल हैं।
आरोप है कि यह अवैध गतिविधि 2022 और 2023 के बीच सबसे ज्यादा सक्रिय रही, जिससे पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को नुकसान पहुंचा। हालांकि, इस मामले पर अब तक तृणमूल कांग्रेस या अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।