रायपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ रियासत के महान संगीतज्ञ एवं ‘संगीत सम्राट’ महाराजा चक्रधर सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके कला और संस्कृति के क्षेत्र में किए गए योगदान का स्मरण किया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने शास्त्रीय संगीत, कथक नृत्य, साहित्य और कला के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलाकारों को प्रोत्साहन देकर उन्होंने रायगढ़ को कला साधना की विशिष्ट पहचान दिलाई। उनके प्रयासों से रायगढ़ घराने ने शास्त्रीय संगीत और कथक नृत्य के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह की कला के प्रति गहरी निष्ठा और समर्पण छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गौरव है। उनका जीवन कला साधकों और नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में आयोजित सांस्कृतिक आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कला की समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संगीत सम्राट की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनकी कला साधना और सांस्कृतिक योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाता रहेगा।