सोना सबसे ज्यादा मांग में रहने वाला धातु है और अक्सर इसका उपयोग लंबी अवधि में धन बनाने के लिए किया जाता है। भारत में इसे निवेश, धार्मिक कार्यों, पारिवारिक विरासत और स्टेटस सिंबल के तौर पर देखा जाता है। वर्तमान में सोना तीन रूपों में मौजूद है – फिजिकल गोल्ड, डिजिटल गोल्ड और गोल्ड बॉन्ड। भारत में अब भी ज्यादातर लोग फिजिकल रूप में सोने को खरीदना पसंद करते हैं।
यह हम सभी जानते हैं कि सोने और सोने के आभूषण भारतीय परंपरा के अभिन्न अंग हैं। सोने को सौभाग्य, समृद्धि और मंगल कार्यों का प्रतीक माना जाता है। भारतीय त्योहारों में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण है, खासकर दिवाली में लोग सोने में धन की देवी लक्ष्मी को अवतार के रूप में देखते हैं। ऐसे मौके पर वो सिक्के, मूर्तियां, बर्तन, छड़ और आभूषण के रूप में सोने की खरीदारी करते हैं। दीपावली के पहले दिन धनतेरस मनाया जाता है और इस दिन नई चीजें विशेष रूप से सोने के आभूषण खरीदने के लिए सबसे शुभ दिन होता है।
सोना खरीदते समय आपको सोने की शुद्धता और सुंदरता का ध्यान रखने की जरूरत है। आपको यह जानना चाहिए है कि आप जो आभूषण खरीद रहे हैं उसकी सही शुद्धता की पहचान कैसे करें ताकि आपको अपने पैसे का सही मूल्य मिल सके। इसलिए मौका कोई सा भी हो दिवाली या फिर शादी, सोने के आभूषण की खरीदारी करते समय जागरूक ग्राहक की तरह अपनी भूमिका निभाएं।