बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा से हैरान घटना सामने आई है, दरअसल एक पिता ने बड़े अरमानों से बेटी की शादी तय की। हर रस्म को पूरा कराया, शादी के संगीत का दिन आया तो पिता का मन झूम उठा। खुशी में पिता नाचने लगे। लेकिन, ये क्या? नाचते-नाचते पिता गिर पड़े. हर कोई हैरान। परेशान। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों से इस बात को छुपाकर रखने का अनुरोध किया। दूसरी तरफ बेटी की शादी की रस्में चलती रहीं। बेटी की डोली को विदा किया गया। इसके बाद पिता की अर्थी उठी। जिस घर में बेटी की शादी का बैंड बज रहा था, वहां मातमी सन्नाटा पसर गया। रह- रहकर परिजनों के फूटते आंसू और चीत्कार माहौल को गमगीन बना रहे थे।

मामला अल्मोड़ा जिला मुख्यालय का है। यहां पर महिला संगीत के दौरान पिता खुशी में नाच रहे थे। इसी दौरान अचानक हार्ट अटैक आया और पिता गिर पड़े। अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इसके बाद परिजनों ने इस मामले को छिपा दिया। हर कोई बेटी की शादी बिना किसी बाधा के पूरी कराने की कोशिश में था। लड़की को भी पिता के निधन की सूचना नहीं दी गई।

लड़की के रिश्तेदारों ने मृत पिता के बारे में कोई भी जानकारी अन्य परिवार के लोगों से देने से मना किया। दरअसल, लड़की की शादी हल्द्वानी में होनी थी। इसलिए, लड़की समेत अन्य परिजनों को वहां ले जाया गया। पिता की तबियत खराब होने का हवाला दिया गया। उनके शव को अल्मोड़ा में ही रखा गया। सोमवार की सुबह शादी समारोह खत्म होने के बाद पूरे मामले की जानकारी दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *