मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ हाईस्पीड ड्राइव पर निकले तीन युवाओं की BMW कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त BMW कार की रफ्तार 250 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन करीब 30 मीटर दूर जा गिरा और गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हाईवे पर बिखरे शरीर के अंग
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मृतकों के शरीर के अंग काफी दूर तक बिखर गए।
पुलिस के मुताबिक, हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ। BMW कार टिटवाला से बदलापुर की ओर जा रही थी, तभी एरंजाड इलाके के पास चालक का नियंत्रण खो गया और कार डिवाइडर से जा टकराई।
दो की मौत, चालक गंभीर घायल
मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी योगेश नेगी (26) और बांद्रा निवासी रेबेका जैकब (24) के रूप में हुई है। वहीं कार चला रहा युवक अंगद गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज ठाणे के अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो की जांच कर रही है, जिसमें कार तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है। मौके से मिले करीब 9 हजार रुपये के बिल की भी जांच की जा रही है, जिसे जन्मदिन सेलिब्रेशन से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और इतनी तेज रफ्तार में वाहन कैसे बेकाबू हुआ।