कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल कर नया मुकाम बनाया है। इस उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का शुभारंभ किया। किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना से जुड़े किसानों को रियायती दर पर शक्कर दी जा रही है। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
देश में लगातार दो साल नंबर-1 रिकवरी
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने 2024-25 और 2025-26 में पूरे देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल की है। इस उपलब्धि के लिए कारखाने को नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से एफिशिएंसी अवार्ड भी प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल कारखाने की नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। किसानों द्वारा उत्पादित गुणवत्तापूर्ण गन्ना, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने भोरमदेव शक्कर कारखाने को नई पहचान दिलाई है।
28 हजार किसानों को रियायती दर पर शक्कर
श्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके साथ ही कारखाने से जुड़े शेयरधारी किसानों की संख्या करीब 28 हजार हो गई है। इन सभी किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को यह लाभ सहकारिता की भावना और कारखाने से उनके जुड़ाव का परिणाम है। सहकारी संस्था की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें होने वाला लाभ सभी सदस्यों के बीच साझा होता है।
गन्ना पेराई का लक्ष्य बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भोरमदेव शक्कर कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने के साथ अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से ही कारखाना निरंतर आगे बढ़ेगा और इसका लाभ भी किसानों तक पहुंचेगा। उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
किसानों की सुविधा के लिए डोम निर्माण की घोषणा
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और आवश्यकताओं के अनुरूप कारखाना परिसर में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
‘कवर्धा के किसानों की मेहनत ने दिलाई नई पहचान’
कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण शुरू होना खुशी की बात है। त्योहारों के समय किसानों को उनके ही कारखाने की शक्कर रियायती दर पर मिलने से उनके घरों की खुशियों में मिठास और बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में शक्कर वितरण की व्यवस्था फिर शुरू हुई है। कवर्धा के किसानों की मेहनत और बेहतर गन्ना उत्पादन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि सरकार का प्रयास गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और गन्ने का उत्पादन बढ़ाना है। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला श्री विजय पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।