गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से अब तक वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 से 20 जून 2026 तक प्रत्येक राजस्व अनुविभाग स्तर पर तीन दिवसीय वृहद शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों का योजनाओं से संतृप्तिकरण सुनिश्चित करना है।
पात्र परिवारों की होगी पहचान
शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत ऐसे परिवारों की पहचान की जाएगी, जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं। इस दौरान हितग्राहियों का पंजीयन, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही आवास प्लस सर्वे सूची में छूटे हुए पात्र परिवारों की जानकारी भी संकलित की जाएगी, ताकि उन्हें योजना के दायरे में लाया जा सके।
सहायता केंद्रों से मिलेगी जानकारी
शिविर स्थलों पर प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सहायता काउंटर लगाए गए हैं। यहां हितग्राहियों को योजना की पात्रता, स्वीकृति प्रक्रिया, किश्त भुगतान, जियो-टैगिंग, आवास निर्माण की प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
शिविरों में अपूर्ण आवासों की समीक्षा कर हितग्राहियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने सभी जनपद पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभ से वंचित न रहे।