बेंगलुरु । कर्नाटक की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (VTU) ने परीक्षा परिणाम जारी करने के क्षेत्र में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। यूनिवर्सिटी ने परीक्षा समाप्त होने के महज 5 मिनट बाद ही बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) और बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (BTech) छठे सेमेस्टर का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को शाम 5:30 बजे अंतिम प्रैक्टिकल परीक्षा खत्म हुई थी और मात्र 5 मिनट बाद यानी 5:35 बजे परिणाम ऑनलाइन जारी कर दिए गए। इस तेज प्रक्रिया ने छात्रों और शिक्षा जगत को हैरान कर दिया।
इस परीक्षा में पूरे राज्य से कुल 60,856 छात्र शामिल हुए थे, जिनका कुल पास प्रतिशत 76.84 प्रतिशत दर्ज किया गया।
VTU प्रशासन के अनुसार, यह संभव इसलिए हो सका क्योंकि यूनिवर्सिटी पूरी तरह डिजिटल इवैल्यूएशन सिस्टम पर काम करती है। थ्योरी पेपर पहले ही स्कैन कर ऑनलाइन मूल्यांकन के लिए भेज दिए गए थे और उनके अंक केंद्रीय सॉफ्टवेयर में पहले से दर्ज थे।
अधिकारियों ने बताया कि अंतिम चरण में केवल प्रैक्टिकल के अंक जोड़ने का काम बाकी था, जिसे सिस्टम ने तुरंत प्रोसेस कर फाइनल मार्कशीट तैयार कर दी। इसी वजह से परीक्षा खत्म होते ही परिणाम जारी करना संभव हुआ।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार (मूल्यांकन) प्रोफेसर यू.जे. उज्ज्वल ने कहा कि डिजिटल सिस्टम और पहले से की गई तैयारी के कारण यह रिकॉर्ड समय में परिणाम जारी करना संभव हो पाया।
VTU के इस कदम को शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और तेज डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।