नकटी में बेदखली कार्रवाई: विरोध के बीच भारी पुलिस बल तैनात, 48 मकान चिन्हित

रायपुर। राजधानी से सटे माना क्षेत्र के ग्राम नकटी में महीनों से चल रहे विवाद के बाद प्रशासन ने आखिरकार बेदखली कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों के विरोध के बीच अवैध निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

जानकारी के मुताबिक, गांव के वार्ड नंबर 16 और 17 में करीब 48 ऐसे मकान चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बताकर हटाने का नोटिस जारी किया था। राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों को नियमों के तहत हटाया जा रहा है। वहीं ग्रामीण इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और इनमें से कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं।

बेदखली कार्रवाई को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *