रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय मूलनिवासी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की। कार्यक्रम में माननीय श्री जी.के. निर्माम, पूर्व कुलसचिव बतौर अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. सी.आर. नेताम, अध्यक्ष, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ, चंद्रशेखर खरे, उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर, सहित डॉ. आर.आर. भंवर, डॉ. जी.पी. आयाम, डॉ. संजय भारिया, डॉ. सुनील नाग, डॉ. रवि श्रेय एवं श्री तिलक जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम के अति विशिष्ट आमंत्रित अतिथि एवं संघ के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खरे ने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने ARS, UPSC, CGPSC, SSC, ITI, IBPS, CGSSC, SI, ICAR, PAT, PET, NEET, CIPET, Polytechnic सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश एवं सफलता के लिए आवश्यक रणनीति, तैयारी की दिशा और सफलता के मूल मंत्र विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
जल, जंगल और जमीन के संरक्षण पर जोर
अपने संबोधन में चंद्रशेखर खरे ने कहा कि “जल, जंगल, जमीन हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है, हम इसे लेकर रहेंगे।” उन्होंने मूलनिवासी समाज के अधिकारों, पर्यावरण संरक्षण तथा जल, जंगल और जमीन के संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की परंपरा का वास्तविक संवाहक और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समुदाय है।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा एकजुट होकर सामाजिक एवं पर्यावरणीय संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चंद्रशेखर खरे ने समस्त आदिवासी समाज, भारत के मूलनिवासियों एवं विश्व कुटुंब को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलमय शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की ओर से प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए आयोजित इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन पीएच.डी. रिसर्च स्कॉलर प्रज्ञा ठाकुर ने किया। अतिथियों के स्वागत एवं सत्कार में श्री अमरजीत भगत, ऋतिक सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के बी.एससी., एम.एससी. एवं पीएच.डी. (एग्रीकल्चर) के हजारों विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कैरियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की।