रायपुर/राजनांदगांव/दुर्ग । छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए आज रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। राज्य के राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न निजी कंपनियों में 235 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।
टाटा मोटर्स और डेल्फिंगन इंडिया में नौकरी का मौका
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजनांदगांव में सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। कैंप के माध्यम से टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) में विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसमें शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, साथ ही 12वीं और स्नातक उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों को अपने साथ 10वीं, आईटीआई, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज लेकर उपस्थित होना होगा।
दुर्ग में 235 रिक्त पदों पर भर्ती
दुर्ग जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 पद और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पद, यानी कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती होगी।
इन पदों के लिए ₹8,000 से ₹20,000 प्रतिमाह तक वेतन निर्धारित किया गया है। 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।
आवश्यक दस्तावेज
अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा:
- मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र एवं अंकसूची
- आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/पैन कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस/राशन कार्ड
- रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्र
- छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
- सभी दस्तावेजों की छायाप्रति
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप, रोजगार कार्यालय के सूचना पटल और आधिकारिक फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।