रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून 2026 की ई-ऑफिस रैंकिंग जारी कर दी गई है। सरकारी विभागों के कामकाज में डिजिटल प्रणाली के उपयोग, फाइलों के निपटान, रिस्पॉन्स टाइम और समग्र प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई इस रैंकिंग में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने पहला स्थान हासिल किया है।
जारी रैंकिंग के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों के त्वरित निराकरण और बेहतर कार्य प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वहीं गृह विभाग दूसरे और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तीसरे स्थान पर रहे।
रैंकिंग में ग्रामीण उद्योग विभाग चौथे स्थान पर रहा, जबकि उद्योग विभाग और लोक निर्माण विभाग ने भी टॉप-10 में जगह बनाई है।
अन्य विभागों की स्थिति की बात करें तो स्कूल शिक्षा विभाग 14वें, वित्त विभाग 15वें, उच्च शिक्षा विभाग 16वें, नगरीय प्रशासन विभाग 21वें और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग 30वें स्थान पर रहा।
ई-ऑफिस रैंकिंग का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना, फाइलों के निपटारे में तेजी लाना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाना है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों को डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए सराहा जा रहा है।