रायपुर से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आगाज़, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

रायपुर | राजधानी रायपुर के लोक भवन में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशव्यापी अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद उपस्थित युवाओं और छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से रैलियां, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *