बलौदाबाजार | खरीफ 2026 के तहत किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के कीटनाशक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के निर्देश पर कीटनाशक निरीक्षकों की टीम ने मंगलवार को विभिन्न विकासखंडों में विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
विकासखंड पलारी के कीटनाशक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने ग्राम संडी स्थित महेंद्र कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां कैश मेमो और स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाए जाने पर विक्रेता को नोटिस जारी किया गया। इसी गांव के भगत कृषि सेवा केंद्र में स्रोत प्रमाण पत्र के उचित संधारण में कमी पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया।
ग्राम कोदवा स्थित कौटिल्य कृषि सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान कैश मेमो का उचित संधारण नहीं पाया गया। इस पर संबंधित विक्रेता को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा विकासखंड सिमगा के कीटनाशक निरीक्षक ऑलिव मेरी कुजूर ने दामाखेड़ा स्थित किसान कृषि केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विकासखंड कसडोल में कीटनाशक निरीक्षक धनेश्वर साय ने ग्राम कटगी के साहजित कृषि सेवा केंद्र एवं तकिम कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं विकासखंड भाटापारा के कीटनाशक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने ग्राम कोदवा स्थित हितेश कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
कृषि आदान विक्रेताओं को नियमों के पालन की हिदायत
उपसंचालक कृषि श्री दीपक नायक ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि उर्वरक, बीज, कीटनाशक सहित अन्य कृषि सामग्री के भंडारण एवं विक्रय से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख नियमित रूप से संधारित किए जाएं। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक में प्रत्येक आवक एवं विक्रय का सही और अद्यतन विवरण दर्ज करना अनिवार्य है।
कृषि विभाग ने सभी विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है। विभाग द्वारा आगे भी कीटनाशक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।