दिलजीत दोसांझ ने विदेशी फैन को समझाया ‘इक ओंकार’ का मतलब, बोले- इन्हें माफ कर दो

मुंबई। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मिलान में हुए अपने कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने एक विदेशी कपल को मंच पर बुलाया और उनकी टी-शर्ट पर बने ‘इक ओंकार’ के इस्तेमाल को लेकर उन्हें विनम्रता से समझाया।

वीडियो में नजर आ रहा है कि कपल की टी-शर्ट पर सिखों के पवित्र प्रतीक ‘इक ओंकार’ के साथ दिलजीत का नाम भी लिखा हुआ था। इसे देखकर दिलजीत ने टी-शर्ट की ओर इशारा करते हुए समझाया कि ‘इक ओंकार’ भगवान से जुड़ा बेहद पवित्र प्रतीक है और इसे उनके नाम के साथ जोड़ना उचित नहीं है।

फैन की भावनाओं का भी किया सम्मान

दिलजीत ने विदेशी कपल को समझाने के साथ-साथ उनकी मंशा को भी समझा। उन्होंने पंजाबी में कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्हें माफ कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह फैन की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनके लिए ‘इक ओंकार’ का अर्थ सबका एक होना है।

इसके बाद दिलजीत ने कपल को एक तोहफा भी दिया। उनके इस शांत और विनम्र अंदाज की सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। फैंस का कहना है कि दिलजीत ने धार्मिक भावना को समझाने के साथ विदेशी फैंस के प्रति सम्मान और अपनापन भी दिखाया।

यूरोप टूर पर हैं दिलजीत

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने यूरोप टूर पर हैं। मिलान के बाद उनका टूर एम्स्टर्डम समेत कई यूरोपीय शहरों में जारी रहने वाला है। संगीत के साथ फिल्मों में भी अपनी पहचान बना चुके दिलजीत लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय और पंजाबी संस्कृति को दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *