PM मोदी पर टिप्पणी कर विवादों में घिरे ध्रुव राठी, गुल पनाग बोलीं- विदेश में देश की छवि खराब करना गलत

विवाद  | यूट्यूबर ध्रुव राठी के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे पर टिप्पणी करते हुए ध्रुव राठी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ऐसा पोस्ट किया, जिस पर अब अभिनेत्री गुल पनाग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर दोनों के बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं और इसे लेकर बहस छिड़ गई है।

दरअसल, ध्रुव राठी ने 19 मई को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था कि प्रधानमंत्री मोदी जहां भी जाएं, उन्हें सवालों के जरिए शर्मिंदा किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की और जवाबदेही से बचते रहे हैं। ध्रुव ने यूरोपीय पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री से लगातार सवाल पूछें, ताकि उन्हें सार्वजनिक रूप से जवाब देना पड़े।

ध्रुव राठी की इस टिप्पणी पर अभिनेत्री गुल पनाग ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री की आलोचना करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन विदेश की धरती पर भारत के प्रधानमंत्री और देश की छवि का मजाक उड़ाना सही तरीका नहीं है। गुल पनाग ने लिखा कि सरकार से असहमति हो सकती है, बहस हो सकती है, लेकिन इससे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।

पूरा विवाद पीएम मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान सामने आए एक वीडियो के बाद शुरू हुआ। ओस्लो में नॉर्वे की पत्रकार हेगे लोकेन ने प्रधानमंत्री से सवाल पूछने की कोशिश की थी, लेकिन पीएम मोदी बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद इस मुद्दे पर समर्थन और विरोध दोनों देखने को मिले।

अब ध्रुव राठी और गुल पनाग के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह बहस राजनीतिक और वैचारिक चर्चा का नया विषय बन गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *