किरंदुल। उत्कल समाज विकास परिषद एवं श्री जगन्नाथ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा महोत्सव के दौरान सोमवार को हेरा पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया।
परंपरा के अनुसार हेरा पंचमी के दिन माता लक्ष्मी भगवान जगन्नाथ से रुठकर गुंडिचा मंदिर पहुंचती हैं। इसी धार्मिक परंपरा के तहत विशेष पूजा-अर्चना और भोग का आयोजन किया गया।
मामा जी ज्वैलर्स सोनी परिवार ने लगाया छप्पन भोग
हेरा पंचमी के अवसर पर श्री मामा जी ज्वैलर्स सोनी परिवार की ओर से भगवान श्री जगन्नाथ को भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया।
खीर, पूरी, सब्जी, मिठाइयों, फलों और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सजी थालियां श्रद्धापूर्वक भगवान को समर्पित की गईं।परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
छप्पन भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भगवान के भोग के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
पूजा-अर्चना के बाद भगवान को अर्पित प्रसाद सभी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर धार्मिक आस्था और उत्साह का परिचय दिया।