तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का प्रतीक देवारी मातर तिहार ग्राम बहेसर में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। अहीर समाज के तत्वावधान में आयोजित इस पर्व में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे गांव में पारंपरिक उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत गोवंश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर अहीर समाज के युवाओं और बुजुर्गों ने गाय-बैलों को सोहई, कौड़ी और मोरपंख से बनी आकर्षक मालाएं पहनाईं। साथ ही मवेशियों के स्वास्थ्य, लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान मातर गोदने की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई।
राउत नाचा और दोहा-गीत ने बांधा समां
मातर तिहार के अवसर पर पारंपरिक राउत नाचा और छत्तीसगढ़ी दोहा-गीत कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे यादव समाज के कलाकारों ने लाठियों की शानदार ताल और लोकगीतों की मधुर धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित ग्रामीणों और दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा आयोजन स्थल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
खीर और दूध का किया गया वितरण
पर्व के अवसर पर सामाजिक एकता और भाईचारे की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। अहीर समाज एवं ग्रामीणों की ओर से श्रद्धालुओं और अतिथियों को प्रसाद स्वरूप पारंपरिक खीर और शुद्ध दूध वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।
लोक परंपराओं को सहेजने का दिया संदेश
इस आयोजन ने ग्रामीणों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की प्राचीन लोक परंपराओं, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।
देवारी मातर तिहार के इस आयोजन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देर शाम तक चले इस पारंपरिक उत्सव ने ग्राम बहेसर को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।