कवर्धा में ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी CM विजय शर्मा, नए स्थान के चयन पर हुई चर्चा

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को कवर्धा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था और उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी ली।

ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त स्थान पर विचार-विमर्श

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधियों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त स्थान के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि शहर में भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने के साथ आम नागरिकों को यातायात संबंधी परेशानियों से राहत दिलाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर की बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था आवश्यक है। उचित स्थान का चयन होने से शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।

ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मनीराम साहू, राजेन्द्र मिश्रा, रिंकेश वैष्णव, हेमचंद चंद्रवंशी, सचिन गुप्ता, अमित वर्मा सहित ट्रक मालिक संघ के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *