देवी पंडालों में जनसमस्याएं सुनते नजर आए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, ग्रामीणों को विकास कार्यों की दी सौगात

कबीरधाम। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवी पंडालों और मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। साथ ही ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री का सहज अंदाज देखने को मिला, जहां वे मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते नजर आए। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और विकास कार्यों के लिए आवश्यक घोषणाएं कीं।

मढ़मढ़ा में सड़क, भवन और अन्य सुविधाओं के लिए घोषणाएं

ग्राम मढ़मढ़ा में ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 9 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड तथा दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की गई। गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्य भी प्रस्तावित किए गए।

नेवरीगुड़ा के धार्मिक पंडाल में आकर्षक झांकियों के किए दर्शन

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचकर मां दुर्गा के पंडाल में दर्शन किए। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां स्थापित की गई हैं।

उन्होंने झांकियों का अवलोकन कर पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणाएं कीं।

ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की गई।

मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना

ग्रामीण प्रवास के दौरान विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

इससे पहले उन्होंने ग्राम मैनपुरी के दुर्गा पंडाल में भी दर्शन-पूजन किया और स्थानीय नागरिकों से बातचीत की।

धार्मिक आयोजनों के साथ जनसंपर्क पर जोर

उप मुख्यमंत्री के इस दौरे में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और विकास कार्यों को गति देना प्रमुख रहा। सड़क, सामुदायिक भवन, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी ग्रामीणों की मांगों पर घोषणाएं की गईं।

इस पहल से गांवों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *