स्कूटी पर निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव, अंबिकापुर में सफाई और निर्माण कार्यों का लिया जायजा

अंबिकापुर । उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं, निर्माण कार्यों और कचरा प्रबंधन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर करने और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

केरसु तालाब की सफाई तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। केरसु तालाब में सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराना स्थानीय निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

पीएम आवास के हितग्राहियों से मिले

उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास के हितग्राहियों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

साव ने हितग्राहियों से यह भी पूछा कि पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में क्या बदलाव आया है। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका आवासीय परिसर में निवास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई, आवश्यक नागरिक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था देखी

उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए स्वच्छता दीदियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिली है।

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश

शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने तथा प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखनी होगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *