दिल्ली में हाईवे पर डकैती-किडनैपिंग का खुलासा, 2 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली  | Delhi Police ने हाईवे पर डकैती और किडनैपिंग की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार और पीड़ित की लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक घटना 26-27 मई की दरम्यानी रात नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में हुई। होलंबी खुर्द निवासी अभिनव त्रिपाठी शाहबाद डेयरी से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटी मेट्रो कट के पास पीछे से आई एक सफेद मारुति कार ने उनकी बाइक को रोक लिया।

पीड़ित कुछ समझ पाते, उससे पहले कार में सवार 6 बदमाशों ने उन्हें जबरन कार के अंदर खींच लिया। आरोपियों ने चलती कार में उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद एक आरोपी उनकी बाइक लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के भाई ने PCR कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस के साथ मुखबिरों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।

जांच के दौरान पुलिस ने अंकित, हर्ष, सुधीर और संकेत नाम के चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात में इस्तेमाल नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *