कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, X अकाउंट बहाल करने से इनकार

दिल्ली | दिल्ली  हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए उसके X अकाउंट को तत्काल बहाल करने से इनकार कर दिया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव ने कहा कि मामले के दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं, इसलिए सरकार का पक्ष सुने बिना कोई आदेश नहीं दिया जा सकता।

कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई तय की है। फिलहाल अदालत ने अकाउंट बहाल करने की मांग पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है।

दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अपने व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान और डिजिटल कैंपेन को लेकर चर्चा में रही है। पार्टी का आधिकारिक X हैंडल 21 मई को भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद समर्थकों ने ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया अकाउंट बनाया, जिसके लाखों फॉलोअर्स हो चुके हैं।

यह अभियान भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद वायरल हुआ था। दावा किया गया था कि वरिष्ठ वकील पदनाम से जुड़ी सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर कानूनी पेशे में आने वालों के संदर्भ में थी, न कि आम लोगों के लिए।

सोशल मीडिया पर इस अभियान ने मीम्स, व्यंग्य और ग्राफिक्स के जरिए तेजी से लोकप्रियता हासिल की। बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को चुनावी घोषणापत्र और राजनीतिक अभियान की शैली में पेश किया गया। अभिजीत दीपके ने इसे युवाओं और बेरोजगारों की आवाज बताया था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *