रायपुर | धमतरी जिले के तेलीनसत्ती-भानपुरी परिक्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समाज भवन निर्माण की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी के पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री निवास रायपुर में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने तेलीनसत्ती-भानपुरी परिक्षेत्र समाज भवन के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा।
सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी भवन की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि साहू समाज तेलीनसत्ती-भानपुरी क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समाज की बैठकों, विभिन्न कार्यक्रमों, प्रतिभा सम्मान समारोहों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और सामूहिक आयोजनों के लिए लंबे समय से एक स्थायी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
उन्होंने कहा कि समाज भवन बनने से सामाजिक एकता को मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन एवं संस्कार का बेहतर मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना दीपेंद्र साहू ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि समाज भवन निर्माण की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं होगा, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामुदायिक विकास का केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और समाज की मांग पर नियमानुसार आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी समाजों के विकास और सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर परिक्षेत्र अध्यक्ष गोवर्धन साहू, तहसील अध्यक्ष ग्रामीणधारी चिरौंजी साहू, संरक्षक नंदकुमार साहू, संरक्षक केशव साहू, कोषाध्यक्ष हजारीलाल साहू और सचिव सतीश साहू सहित समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।