रायपुर । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, महिलाओं के सम्मान और बेटियों के सशक्तिकरण को लेकर विशेष प्रयासों को रेखांकित किया गया है। प्रदेश में जनजातीय महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, बेटियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक अवसरों पर सहयोग देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उप संचालक डॉ. दानेश्वरी संभाकर ने अपने विशेष लेख में कहा है कि जनजातीय गौरव दिवस हमें उन महान जननायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, समाज सुधार और जनकल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, वीर गुंडाधुर और रानी दुर्गावती के योगदान को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
जनजातीय बेटियां खेल और शिक्षा में बना रहीं पहचान
विशेष लेख में जनजातीय महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, कला, आजीविका और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
कोंडागांव जिले के बालिका गृह की दो जनजातीय बालिकाओं को पिछले दो वर्षों में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाना इसका प्रेरक उदाहरण है। यह उपलब्धि बताती है कि उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर जनजातीय बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकती हैं।
महतारी वंदन योजना से 20 लाख से अधिक जनजातीय महिलाओं को लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार महिलाओं और जनजातीय परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
लेख के अनुसार, महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 20 लाख 28 हजार 803 जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इस योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी और परिवार की आवश्यकताओं से जुड़े निर्णय लेने में मदद कर रही है। साथ ही उनकी आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
कन्या विवाह योजना से 580 जनजातीय परिवारों को मिला सहयोग
बेटियों के विवाह के अवसर पर आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित की जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक प्रदेश में इस योजना के तहत 2,072 विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं। इनमें लगभग 580 हितग्राही अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका पर भी विशेष ध्यान
डॉ. संभाकर ने अपने लेख में कहा कि जनजातीय परंपराओं में परिवार, समुदाय और आपसी सहयोग का विशेष महत्व है। शासन की योजनाओं का उद्देश्य भी जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आजीविका से जुड़े प्रयासों के साथ सामाजिक अवसरों पर परिवारों को सहयोग देना समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बेटियों को अवसर देना ही जनजातीय गौरव का सच्चा सम्मान
विशेष लेख में जनजातीय गौरव दिवस पर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जननायकों के विचारों से जोड़ने का आह्वान किया गया है। साथ ही जनजातीय समाज की बेटियों को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को परिवार, समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी बताया गया है।
लेख का संदेश है कि जनजातीय गौरव का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हर बेटी को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले। आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ती बेटियां न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।