बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के पुलिस थानों में जांच पूरी होने के बाद भी बड़ी संख्या में मामलों की क्लोजर रिपोर्ट (खात्मा रिपोर्ट) न्यायालय में पेश नहीं की गई है। इस मामले में पुलिस महानिदेशक (DGP) ने हाईकोर्ट में शपथ पत्र पेश कर जानकारी दी है कि प्रदेशभर में 1 लाख 45 हजार से अधिक मामलों की क्लोजर रिपोर्ट अभी लंबित है।
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान डीजीपी द्वारा प्रस्तुत हलफनामे में बताया गया कि 20 मई से 16 जुलाई 2026 के बीच केवल 2,617 मामलों में ही खात्मा रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल की गई है।
हाईकोर्ट ने मांगा था जवाब
यह मामला याचिकाकर्ता योगेश बाबू शर्मा की अलग-अलग याचिकाओं से जुड़ा है। इन पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पहले 10 अप्रैल और 5 मई 2026 को आदेश जारी कर पुलिस महानिदेशक से शपथ पत्र के माध्यम से विस्तृत जानकारी मांगी थी।
डीजीपी ने अपने जवाब में प्रदेशभर के लंबित मामलों और क्लोजर रिपोर्ट की स्थिति से न्यायालय को अवगत कराया।
18 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
मामले में हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग से लंबित क्लोजर रिपोर्ट के संबंध में जानकारी मांगी थी। अब इस प्रकरण की अगली सुनवाई 18 अगस्त 2026 को निर्धारित की गई है।
हाईकोर्ट की निगरानी में चल रहे इस मामले में पुलिस विभाग द्वारा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत करने की स्थिति पर आगे विचार किया जाएगा।