एनटीपीसी सीपत में साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित, डिजिटल ठगी से बचने के बताए उपाय

सीपत। एनटीपीसी सीपत में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार को कला निकेतन सभागार में साइबर सुरक्षा विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी एपीके फाइलों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने बाल भारती पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं, सीआईएसएफ के जवानों और एनटीपीसी कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को फोन कॉल, फर्जी लिंक, एपीके फाइल और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं के माध्यम से ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे मामलों में सतर्कता बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

एसबीआई शाखा प्रबंधक सृष्टि चौहान ने डिजिटल ठगी का शिकार होने पर तत्काल बैंक शाखा या संबंधित शिकायत संपर्क नंबरों पर सूचना देने की जानकारी दी, ताकि आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

कार्यक्रम के अंत में परियोजना प्रमुख सीपत ने मुख्य अतिथि राम गोपाल गर्ग और विशिष्ट अतिथि रजनीश सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर एनटीपीसी के महाप्रबंधक अशोक सरकार, विकास खरे, मानव संसाधन प्रमुख भक्त वत्सल पात्रा, विजिलेंस विभागाध्यक्ष कुंदन राठौड़, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शलभ निगम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *