रायपुर। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 3,539 सक्रिय केस में 3044 रोगियोंं का घर में ही उपचार चल रहा है। वहीं 495 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले माह जहां संक्रमण की दर 10 फीसद तक थी, वहीं अब यह दर 2.02 फीसद पर आ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रायपुर में 517 सक्रिय रोगियों का उपचार चल रहा है। कोरबा में 220, दुर्ग में 215, बलौदाबाजार में 179, बेमेतरा में 198, बलरामपुर में 182 समेत अन्य जिलों में रोगी सक्रिय हैं। प्रदेश में जहां दिसंबर माह 2021 में 1,374 संक्रमित मिले थे और सात मौत के मामले सामने आए थे। नए वर्ष के साथ ही एकाएक संक्रमण इतने बढ़े कि महीने भर में 1,17,676 कोरोना संक्रमित हो गए। इस बीच 253 मरीजों की मौत हुई। एक से 19 फरवरी तक 23,334 कोरोना के मामले सामने आए, जबकि 168 मरीजों की मौत हुई है।
अस्थाई कोविड केयर सेंटर हुए बंद
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमण की स्थिति को देखते हुए अस्थायी कोविड केयर सेंटर व कोरोना जांच केंद्र बंद किए जा चुके हैं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट व निगम के जोनों में भी कोविड जांच नहीं की जा रही है। प्रदेश स्तर पर भी कोरोना जांच की संख्या भी आधी हो चुकी है। जहां पर पहले 40 हजार से अधिक जांचें हर रोज हो रही थी। वहीं अब यह 25 हजार के करीब पहुंच गया है।