बिलासपुर। जिले में एक बार फिर कोरोना महामारी नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। शुक्रवार को जिले में 270 मरीजों की पहचान की गई है। स्वास्थ्य विभाग को समझ नहीं पा रहा है कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए क्या किया जाए। अब शहर की तरह ग्रामीण क्षेत्र से भी मामले सामने आने लगे हैं। हालांकि अब भी 71 प्रतिशत मरीज शहर में मिल रहे हैं। सिरगिट्टी, तोरवा, गोड़पारा, राजकिशोर नगर, मंगला, सरकंडा, दयालबंद से सबसे ज्यादा संक्रमितों की पहचान की गई है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जितने संक्रमित मिल रहे हैं, उनसे ज्यादा की पहचान नहीं हो सकी है। जो अब भी संक्रमण को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इसलिए लक्षण मिलने पर तत्काल कोरोना जांच करना जरूरी है। साथ ही ऐसे लोगों को हिदायत दी गई है कि वे खुद से दवा का सेवन न करें। जितनी जल्दी हो सके डाक्टर से संपर्क करें। ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत मस्तूरी, बिल्हा, कोटा ब्लाक मुख्यालय में संक्रमण की रफ्तार तेज गति से बढ़ रही है।