CGPSC SI रिजल्ट पर विवाद: ‘NEWS’ और ‘SPACERANI’ जैसे नामों ने खड़े किए सवाल, कांग्रेस ने मांगी जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चयन सूची में सामने आए कुछ अटपटे नामों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं भाजपा ने इसे केवल तकनीकी विसंगति बताते हुए कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है।

CGPSC की ओर से जारी रिजल्ट के बाद सोशल मीडिया पर चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट में कुछ अभ्यर्थियों के नाम असामान्य नजर आए। इनमें क्रमांक 6074, रोल नंबर 2402148213 के सामने नाम ‘NEWS’, क्रमांक 467, रोल नंबर 2402105174 के सामने ‘SPACERANI’ और क्रमांक 93, रोल नंबर 2402101319 के सामने ‘MANBAS’ दर्ज होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस ने लगाए सवाल, जांच की मांग

कांग्रेस ने चयन सूची में दर्ज इन नामों को लेकर सरकार और CGPSC की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 12 जुलाई 2026 को आयोजित सब इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में ‘स्पेस रानी’ और ‘न्यूज’ जैसे नाम सामने आना गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

भाजपा का पलटवार, कहा- जांच के बाद दूर होंगी विसंगतियां

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चयन सूची में सामने आईं बातें केवल नामों से जुड़ी विसंगतियां हैं, जिन्हें जांच के बाद सुधार लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कई सवाल उठे थे, जबकि भाजपा सरकार में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।

CGPSC ने गड़बड़ी से किया इनकार

CGPSC ने भी मामले पर सफाई देते हुए किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। आयोग की परीक्षा नियंत्रक लीना कोसम ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में दर्ज नामों की जांच की गई है। संबंधित अभ्यर्थियों से संपर्क कर जानकारी ली गई, जिसमें अभ्यर्थियों ने अपने नामों को सही बताया है।

341 पदों के लिए हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि CGPSC ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया है। इसमें सफल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी, जिसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

अब मुख्य परीक्षा संभावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *