रायपुर/नई दिल्ली। महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, “सीट चोरी”, खाद-बीज संकट और आर्थिक मंदी जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब केंद्र सरकार के खिलाफ देशभर में आक्रामक प्रदर्शन की तैयारी में है। इसको लेकर मंगलवार को नई दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय इंदिरा भवन में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में हुई बैठक
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। इस दौरान महासचिवों के साथ-साथ प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
ब्लॉक से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन को ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि AICC के निर्देश के बाद भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
सरकार पर गंभीर आरोप
बैज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और पेपर लीक जैसे मामलों से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर सरकार की नीतियों को उजागर किया जाएगा।
कांग्रेस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।