रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई इस पदयात्रा में प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और विधायक शामिल हुए। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास व मुआवजे की मांग करेगा।
13 किलोमीटर की पदयात्रा, राजभवन तक पहुंचेगी यात्रा
कांग्रेस की यह पदयात्रा नकटी गांव से शुरू होकर करीब 13 किलोमीटर का सफर तय करते हुए राजभवन पहुंचेगी। यात्रा का मार्ग पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर), तेलीबांधा और गौरव पथ से होकर गुजर रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। पार्टी की मांग है कि सभी परिवारों को नकटी गांव में ही 2,000 वर्गफीट भूमि उपलब्ध कराकर पुनर्वास किया जाए और मकान टूटने से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
मूल गांव में पुनर्वास की मांग
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की ओर से सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए जा रहे अस्थायी आवास को स्वीकार नहीं किया है। उनका कहना है कि वे अपने मूल गांव में ही बसना चाहते हैं। फिलहाल कई परिवार टेंट और टीन शेड में रहकर जीवन गुजार रहे हैं।
पदयात्रा के दौरान दीपक बैज को लगी चोट
पदयात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पैर में मोच आ गई। चोट लगने के बाद वे पैदल यात्रा में आगे नहीं चल सके और वाहन से यात्रा के साथ चलते रहे। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित ग्रामीणों ने पदयात्रा जारी रखी।
सुरक्षा और यातायात के लिए पुलिस तैनात
पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर (करेंसी टावर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक यातायात दबाव बढ़ने की संभावना जताई है।
इस दौरान सर्विस रोड बंद रहेगी और महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मुख्य मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।