किरंदुल. राजनैतिक विद्वेषवश सत्ता के ताकत का दुरूपयोग करते हुए केन्द्रीय एजेन्सियों जैसे-प्रवर्तन निदेशालय, सी.बी.आई. आयकर सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं के विरूध्द असंवैधानिक रूप से दबावपूर्वक कार्यवाही करते हुए डराने व दबाने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कांग्रेस किरंदुल एवं अनुषांगिक मजदूर संगठन मेटल माईन्स वर्कर्स यूनियन (इंटक) द्वारा केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपा गया। विगत तीन दिनों से केन्द्र सरकार ने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को कार्यालय में प्रवेश की अनुमति के बिना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय को किले के रूप में बदल दिया है। नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बेरहमी के साथ मारपीट किया गया।

सत्य की इस लडाई के लिए सत्याग्रह, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और एकजुटता को कुचलने के लिए केन्द्र सरकार क्रूरतापूर्वक बल का प्रयोग कर रही है, जिसकी कड़ी निंदा करते हुए राष्ट्रपति महोदय से इस प्रकार की दबावपूर्वक कार्यवाही पर रोक लगाये जाने की मांग की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी दन्तेवाड़ा के आव्हान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी किरंदुल द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में नगर में भव्य रैली निकाली गई तथा बस स्टैंड किरंदुल में धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमे बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, मेटल माईन्स वर्कर्स यूनियन (इंटक) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी किरंदुल के अध्यक्ष ए के सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष मृणाल रॉय, बालसिंह कश्यप, किरण जायसवाल, राजेन्द्र कौर, जिला स्पोर्ट्स सेल के अध्यक्ष विप्लव मलिक, मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।