रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने चिंता जताई है। हाल ही में स्कूल बस की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत के बाद एसोसिएशन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार विधानसभा ओवरब्रिज के आसपास करीब 15 से अधिक स्कूल और कॉलेज संचालित हैं, जहां प्रतिदिन 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी आवागमन करते हैं। इसके बावजूद इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ट्रैफिक सिग्नल और पुलिस तैनाती की मांग
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने बताया कि क्षेत्र में ट्रैफिक सिग्नल की कमी और नियमित ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्कूल समय में वाहनों की अधिक आवाजाही होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बढ़ रही है।
अतिक्रमण और आवारा मवेशियों से बढ़ रहा खतरा
ज्ञापन में एसोसिएशन ने सड़क किनारे संचालित अवैध ठेले-गुमटियों, अतिक्रमण और झुग्गी-झोपड़ियों को भी यातायात बाधित करने वाला बताया है। इसके अलावा सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के कारण भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कलेक्टर से की गई ये मांगें
एसोसिएशन ने प्रशासन से विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र में ट्रैफिक सिग्नल लगाने, नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, अवैध ठेलों और झुग्गियों पर कार्रवाई करने तथा आवारा मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहेगी। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की गई है।