रायपुर । छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर पहुंच गए हैं। वे सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री साय का स्वागत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ को इस अंतरराष्ट्रीय मंच में सहभागिता के लिए चयनित किया गया है।
निवेशकों के सामने रखेंगे प्रदेश की संभावनाएं
SING फोरम के दौरान मुख्यमंत्री साय वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद निवेश अवसरों की जानकारी देंगे।
फोरम में आयोजित CEO राउंडटेबल के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और कारोबारी अवसरों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। SING फोरम में प्रदेश की भागीदारी को वैश्विक निवेशकों तक छत्तीसगढ़ की विकास क्षमता और निवेश अवसर पहुंचाने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।