रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में छत्तीसगढ़ की भागीदारी हो रही है। मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर प्रवास के पहले दिन पर्यावरण, शहरी हरियाली और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से अहम बैठक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन और शहरी हरियाली से जुड़ी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। दोनों पक्षों ने उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्र, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संभावित संस्थागत सहयोग पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा, समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न राज्य है। उन्होंने कहा कि गार्डन्स बाय द बे के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन, बेहतर लैंडस्केपिंग तथा प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM साय
मुख्यमंत्री साय ने SING फोरम 2026 की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित कई प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के अलावा मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारत के राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण संवाद हुआ।
उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता
लीडरशिप डिनर के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों और एमएसएमई, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का निमंत्रण दिया।
5 अक्टूबर को SING फोरम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा होगी।
सिंगापुर प्रवास को छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, पर्यटन, हरित विकास और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक साझेदारी के नए अवसर तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।