रायपुर | प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पीएम आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप नहीं था।
सीएम साय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के राजनीतिक प्रदर्शन की अपेक्षा नहीं की जाती। उन्होंने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए निंदनीय करार दिया।
मुख्यमंत्री ने NEET पेपर लीक मामले पर कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर पहले से गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेपर लीक को ‘पाप’ बताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है।
सीएम साय ने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी जारी हो चुका है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी NEET जैसे मुद्दे की आड़ में युवाओं को आगे कर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया था।