CM रेवंत रेड्डी का BJP अध्यक्ष पर तंज, बयान पर सियासी बवाल; भाजपा ने किया पलटवार

हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पर तंज कसते हुए कहा कि, “नितिन या पता नहीं कौन, मुझे उनका नाम भी नहीं पता। तेलंगाना के लोग भाजपा को कुचल देंगे।” मुख्यमंत्री के इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे अहंकारपूर्ण बताया है।

दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हाल ही में तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे पर पहुंचे थे। दौरे के दौरान उन्होंने दावा किया था कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किसानों की सभा में भाजपा पर निशाना साधा।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि हाल ही में एक व्यक्ति यहां आया था, जिसका नाम उन्हें ठीक से याद नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में भी ऐसे ही दावे करती रही, लेकिन वहां सफलता नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में भाजपा को जनता स्वीकार नहीं करेगी और राज्य में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है।

मुख्यमंत्री के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि मुख्यमंत्री का बयान उनके अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

इस बीच भाजपा ने तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान भी किया है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर अभियान चलाने की अपील की है।

तेलंगाना में अगले विधानसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *