रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए मंगलवार से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महानदी भवन (मंत्रालय) में कैबिनेट बैठक के बाद इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण भी करेंगे।
CM हेल्पलाइन 1076 शुरू होने के बाद प्रदेश के लोगों को अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का आसान माध्यम मिलेगा। नागरिक अपनी अलग-अलग समस्याओं और शिकायतों को इस हेल्पलाइन के जरिए दर्ज करा सकेंगे।
इन शिकायतों को किया जा सकेगा दर्ज
सीएम हेल्पलाइन पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन से जुड़ी समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगने, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार सहित अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।
इसके अलावा नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत की स्थिति (स्टेटस) भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
WhatsApp और मोबाइल ऐप से भी मिलेगी सुविधा
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी नागरिक शिकायत दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1076 के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।
सरकार का कहना है कि इस हेल्पलाइन का उद्देश्य सिर्फ शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि तय समयसीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।