रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने सभी प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। इससे शारीरिक शक्ति के साथ हमें सकारात्मकता और आंतरिक भावनात्मक मजबूती भी मिलती है। वास्तव में योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है।
योग को निरोग रहने का उत्तम साधन माना गया है। यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। सभी लोग अपने स्वास्थ्य के लिए योग करें। योग को अपनाने से शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। आइये, हम सब मिलकर ‘हर घर आंगन योग’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
वहीं प्रदेश के मंत्री-विधायक अपने-अपने जिलों में आसन लगाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश की ब्रांडिंग करने के लिए लोगों से योग के साथ ‘हैशटैग हमर योगा’ से इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करने की अपील की है।