FIFA World Cup 2026 से पहले अर्जेंटीना फुटबॉल संघ पर FBI की जांच का दावा, 260 मिलियन डॉलर के फंड पर उठे सवाल

ब्यूनस आयर्स | फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में आ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) AFA से जुड़े करोड़ों डॉलर के वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रहा है। हालांकि, अभी तक FBI या AFA की ओर से इस जांच को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम से जुड़े लेनदेन की जांच

अर्जेंटीना के अखबार La Nación की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि AFA से जुड़े फंड अमेरिकी बैंकिंग प्रणाली के जरिए कैसे ट्रांसफर हुए और क्या इनमें किसी तरह की वित्तीय अनियमितता हुई।

जांच का फोकस फ्लोरिडा स्थित कंपनी TourprodeEnter LLC पर बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर विदेशों में AFA से जुड़े वित्तीय दायित्वों का प्रबंधन करती है।

कई अमेरिकी बैंकों के खातों की जांच

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी से जुड़े जेवियर फैरोनी और उनकी पत्नी एरिका गिलेट के बैंक खातों की जांच की जा रही है। इन खातों में Citibank, Synovus Bank, Bank of America, JPMorgan Chase और PNC Bank जैसे अमेरिकी बैंकों के जरिए हुए लेनदेन शामिल बताए जा रहे हैं।

260 मिलियन डॉलर के फंड पर उठे सवाल

रिपोर्ट के अनुसार, TourprodeEnter LLC ने AFA से जुड़े करीब 260 मिलियन डॉलर (लगभग 2,483 करोड़ रुपये) के राजस्व का प्रबंधन किया। जांच में कथित तौर पर यह देखा जा रहा है कि इस राशि का कितना हिस्सा वास्तविक परिचालन खर्चों में इस्तेमाल हुआ।

वहीं, करीब 57 मिलियन डॉलर के ऐसे ट्रांसफर की भी जांच की जा रही है, जिनके लाभार्थियों और आर्थिक उद्देश्य को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

AFA अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया पहले से विवादों में

अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष Claudio Tapia पहले से ही कई प्रशासनिक विवादों का सामना कर रहे हैं। घरेलू फुटबॉल ढांचे में बदलाव और अन्य फैसलों को लेकर उनकी आलोचना होती रही है।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले सामने आई यह कथित जांच AFA के लिए नई चुनौती बन सकती है। हालांकि, जांच की आधिकारिक स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर अभी और जानकारी का इंतजार है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *