कुडनकुलम न्यूक्लियर प्लांट डेटा लीक का दावा, 19 हजार संवेदनशील फाइलों को लेकर बढ़ी साइबर सुरक्षा चिंता

नई दिल्ली | देश की परमाणु सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। तमिलनाडु स्थित भारत के सबसे बड़े कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट से जुड़े संवेदनशील डेटा के लीक होने का दावा किया गया है। रैनसमवेयर ग्रुप ‘वर्ल्ड लीक्स’ ने डार्क वेब पर बड़ी संख्या में दस्तावेज जारी करने की बात कही है।

हैकर ग्रुप के दावे के मुताबिक, लीक हुए डेटा में प्लांट से जुड़े कुछ तकनीकी दस्तावेज, कथित ब्लूप्रिंट, सप्लायर की जानकारी, मीटिंग रिकॉर्ड, इंस्पेक्शन रिपोर्ट और उपकरणों से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।

19 हजार फाइलों के लीक होने का दावा

रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ल्ड लीक्स ने करीब 19 हजार ऐसी फाइलों का दावा किया है, जिन्हें संवेदनशील बताया जा रहा है। हैकर ग्रुप ने इन दस्तावेजों को रिलायंस ग्रुप से जुड़ा बताया है, जो कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट की कुछ परियोजनाओं में कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम कर रहा है।

रिलायंस की ओर से बताया गया है कि थर्ड पार्टी डेटा सेंटर सर्विस प्रोवाइडर ‘योटा’ द्वारा होस्ट किए गए सर्वर पर डेटा में आंशिक सेंध की घटना सामने आई है। कंपनी ने कहा है कि इस मामले की जानकारी संबंधित सरकारी एजेंसियों को दे दी गई है। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन-कौन सा डेटा प्रभावित हुआ है।

कुडनकुलम प्लांट देश का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा केंद्र

तमिलनाडु में स्थित कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट भारत के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में शामिल है। यह देश की परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने की योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्लांट की यूनिट 3 और 4 के निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर को 2018 में काम मिला था। इन दोनों यूनिटों से कुल 2000 मेगावाट बिजली उत्पादन की योजना है।

साइबर सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

परमाणु संयंत्रों से जुड़ी जानकारियों के लीक होने के दावे के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि लीक हुए दस्तावेजों में परमाणु संयंत्र के संचालन या सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कितनी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है।

सुरक्षा एजेंसियां और संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर रहे हैं। सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *