धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ CJP का मोर्चा, नागपुर में प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट

नागपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज नागपुर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से संविधान चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

CJP का कहना है कि यह प्रदर्शन नीट (यूजी) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा है। पार्टी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।

इससे पहले जयपुर में प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके पर कथित हमले को लेकर भी विवाद बढ़ गया है। दीपके ने आरोप लगाया कि जयपुर में उन पर हुए हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोग थे। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है तो इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

उन्होंने जयपुर हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह कोई नई बात नहीं है।”

नागपुर में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस की तैनाती में वरिष्ठ अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में जवानों को लगाया गया है। नागपुर पुलिस कमिश्नर रविंद्रकुमार सिंघल ने कहा कि सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CJP ने प्रदर्शन से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की भी घोषणा की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *