CJP Protest: 34वें दिन भी प्रदर्शन जारी, वांगचुक का अनशन बढ़ा, सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी

नई दिल्ली | नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन गुरुवार को 34वें दिन भी जारी है। प्रदर्शन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल को अनिश्चितकाल तक बढ़ाने का ऐलान किया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए सरकार के सामने कुछ शर्तें रखी थीं, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अपना फैसला बदलते हुए भूख हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि वांगचुक चाहते हैं कि सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की एफआईआर दर्ज न करे और उनके साथ अन्याय न हो।

वहीं, CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर इंटरनेट सेवा बंद की गई है और सरकार सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी सोशल मीडिया पर प्रदर्शन स्थल की तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि बुधवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की, इंटरनेट सेवा बंद की गई और लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं।

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को भी सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। बंद रहने वाले स्टेशनों में राजीव चौक, पटेल चौक, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट और जोर बाग सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।

DMRC के अनुसार, इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकासी की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखा गया है।

प्रदर्शन को लेकर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *