CJP आंदोलन विवाद: NIA जांच की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर विदेशी फंडिंग के आरोपों पर अब मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। आंदोलन और 20 जुलाई को हुए संसद मार्च की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग वाली जनहित याचिका (PIL) पर हाई कोर्ट ने सुनवाई के लिए सहमति दे दी है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि CJP का आंदोलन एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है और इसमें विदेशी फंडिंग से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए। याचिकाकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच NIA से कराने की मांग की है। दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा।

यह याचिका सतीश कुमार अग्रवाल की ओर से अधिवक्ता बरुण सिन्हा के माध्यम से दाखिल की गई है। मामले की सुनवाई दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ करेगी।

याचिका में दावा किया गया है कि 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन और संसद मार्च के कारण दिल्ली में आम जनजीवन प्रभावित हुआ। इसमें यातायात व्यवस्था बाधित होने, सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ने और लोगों को परेशानी होने का आरोप लगाया गया है।

CJP आंदोलन लगातार जारी

नीट पेपर लीक और छात्रों की मांगों को लेकर CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

PM मोदी ने किया था फास्ट ट्रैक कोर्ट का ऐलान

इस बीच पेपर लीक मामलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा के चलते 16 मेट्रो स्टेशन बंद

जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने लगातार दूसरे दिन 16 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री और एग्जिट सेवाएं बंद रखी हैं।

बंद स्टेशनों में राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, आईटीओ, खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, जनपथ और दिल्ली गेट सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।

हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा दी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *